Sat. Mar 7th, 2026

अर्नव, अर्पित, रेयांश, हर्षल और कुशाग्र बने शतरंज के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी

खंडवा। जिले के शतरंज खिलाड़ी लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहे हैं। खंडवा के पाँच होनहार युवा—अर्नव अत्रिवाल, अर्पित गुप्ता, रेयांश श्रीमाली, हर्षल आकाश छाबड़ा और कुशाग्र सिंह सोलंकी—ने हरदा एवं अमरावती में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर फीडे (FIDE) की अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग हासिल की है। इससे जिले का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
शर्मा चेस अकादमी के प्रशिक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि कल जारी फीडे सूची के अनुसार अर्नव को 1589, अर्पित को 1581, रेयांश को 1485, हर्षल को 1467 तथा कुशाग्र को 1483 रेटिंग मिली है। उन्होंने कहा कि जिलाधीश ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में खण्डवा में दो बड़ी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ, जिससे शतरंज ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचा। विगत डेढ़ वर्ष में अकादमी के 18 खिलाड़ियों ने रेटिंग प्राप्त की है। उभरते खिलाड़ी आर्यन सोलंकी ने भी हरदा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रेटिंग हासिल की। स्वयं सुनील शर्मा ने खण्डवा में पहली बार भाग लेते हुए 1716 रेटिंग पाई, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।फीडे नियमों के तहत रेटिंग पाने के लिए रेटेड खिलाड़ियों के खिलाफ उच्च स्तर का प्रदर्शन जरूरी होता है।

मेहनत, अनुशासन और अभ्यास का फल है
सुनील शर्मा ने जोर देकर कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और अनुशासन का नतीजा है।जिलाधीश ऋषव गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त करना जिले के लिए गर्व का विषय है। यह मेहनत, अनुशासन और अभ्यास का फल है। ऐसे खिलाड़ी आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करते हैं। जिला प्रशासन खेल विकास के लिए सदैव सहयोगी रहेगा।”इस अवसर पर चेस अकादमी के शम्भुराम अग्रवाल, डॉ. सिद्धार्थ श्रीमाली, डॉ. विशाल अत्रिवाल, एडवोकेट राजेश पटेल, नितिन राठौर, एडवोकेट बरकल, राजेश मोखले, शतरंज संघ के राजेश बछानिया, अजित जैन, मनीष अग्रवाल व आलोक सकल्ले ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं।

Related Post